सिस्टर फौस्टीना की प्रार्थना
सिस्टर फौस्टीना की प्रार्थना
जितनी बार मेरी श्वास चलती है, जितनी बार मेरा हृदय धड़कता है, जितनी बार मेरे शरीर में रक्त स्पंदित होता है, उतनी ही हजारों बार मैं आपकी दया की स्तुति करना चाहती हूँ, हे परम पवित्र त्रित्व। (…) ईश्वर का यह महानतम गुण, उसकी अथाह दया, मेरे हृदय और आत्मा के द्वारा मेरे पड़ोसियों तक पहुँचने पाए।
हे प्रभु, मेरी सहायता कीजिए कि मेरी आँखें दया से देखें; कि मैं कभी बाहरी रूप देखकर संदेह न करूँ, न न्याय करूँ, बल्कि अपने पड़ोसियों की आत्माओं में जो सुन्दर है उसे पहचानूँ और उनकी सहायता के लिए आगे बढ़ूँ।
मेरी सहायता कीजिए कि मेरी सुनने की शक्ति दयालु बने; कि मैं अपने पड़ोसियों की आवश्यकताओं पर ध्यान दूँ; कि मेरे कान उनके दुःख और करुण-क्रंदन के प्रति उदासीन न रहें।
हे प्रभु, मेरी सहायता कीजिए कि मेरी जीभ दयालु बने; कि मैं कभी अपने पड़ोसियों के विषय में बुरा न बोलूँ, बल्कि प्रत्येक के लिए सांत्वना और क्षमा का वचन रखूँ।
हे प्रभु, मेरी सहायता कीजिए कि मेरे हाथ दयालु और सत्कर्मों से भरे हों; कि मैं अपने पड़ोसी के लिए केवल भलाई करूँ और अधिक कठिन तथा परिश्रमपूर्ण कार्य अपने ऊपर ले लूँ।
मेरी सहायता कीजिए कि मेरे पाँव दयालु हों; कि वे सदा अपने पड़ोसी की सहायता को दौड़ें और मेरी अपनी थकान तथा क्लान्ति पर विजय पाएँ। मेरा सच्चा विश्राम अपने पड़ोसी की सेवा में है।
हे प्रभु, मेरी सहायता कीजिए कि मेरा हृदय दयालु बने; कि मैं अपने पड़ोसियों के सब दुःखों को अनुभव करूँ; कि मैं किसी से भी अपना हृदय न रोकूँ; कि मैं उन लोगों के साथ भी सच्चा व्यवहार करूँ जिनके बारे में मुझे पता है कि वे मेरी भलाई का दुरुपयोग करेंगे; मैं स्वयं को यीशु के परम दयालु हृदय में बंद कर लूँगी। मैं अपने दुःखों के विषय में मौन रहूँगी। हे मेरे प्रभु, आपकी दया मुझ में विश्राम करे।
हे मेरे यीशु, मुझे अपने में बदल दीजिए, क्योंकि आप सब कुछ कर सकते हैं।
संत फौस्टीना की डायरी से [163]